पटना, 14 मार्च 2026
ललित नारायण मिश्रा आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान (LNMI), पटना में सोसाइटी फॉर द प्रमोशन ऑफ इंडियन क्लासिकल म्यूजिक एंड कल्चर अमंगस्ट यूथ (SPIC MACAY) तथा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से प्रसिद्ध नियाजी ब्रदर्स एंड टीम की भव्य कव्वाली प्रस्तुति आयोजित की गई। यह सांस्कृतिक कार्यक्रम संस्थान परिसर में दोपहर 1:30 बजे शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत, सूफी परंपरा और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना था। नियाजी ब्रदर्स एंड टीम ने अपनी शानदार और भावपूर्ण कव्वाली से पूरे सभागार को सूफियाना माहौल में रंग दिया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ भारतीय संगीत की गहराई से भी परिचित कराया।

इस अवसर पर संस्थान की निदेशक डॉ एन विजय लक्ष्मी (IAS) ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि SPIC MACAY जैसे संगठन भारतीय शास्त्रीय कला और संस्कृति को युवाओं तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं, जिससे छात्र अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ पाते हैं।
संस्थान के पंजीयक सुधीर कुमार (BAS) ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संगीत और सांस्कृतिक परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को कला और संस्कृति के प्रति प्रेरित करते हैं और उन्हें भारतीय परंपराओं की समृद्धि और महत्व को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
वहीं, नियाजी ब्रदर्स एंड टीम ने कहा कि एल एन मिश्रा संस्थान जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में प्रस्तुति देना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यहां के विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साह और संगीत के प्रति लगाव बेहद प्रेरणादायक है। SPIC MACAY के माध्यम से युवाओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत और सूफी परंपरा से जोड़ना एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कलाकारों की प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया और तालियों की गूंज से उनका उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन संस्थान के सांस्कृतिक जीवन में एक यादगार अवसर बन गया।
रिपोर्ट: विशाल रघुवंशी
Share this content:

